देहरादून में 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कार्यक्रम में होने वाले रोड शो और जनसभा को देखते हुए तैनात सभी पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों ने की सुरक्षा समीक्षा

रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान सभी पुलिस कर्मियों और अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का गंभीरता और सतर्कता के साथ पालन करने के निर्देश दिए गए।

ड्यूटी से पहले पहुंचने के निर्देश

अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी निर्धारित समय से कम से कम तीन घंटे पहले अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें और जिम्मेदार अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करें। साथ ही उन्हें आसपास के क्षेत्र की पूरी तरह जांच करने के लिए भी कहा गया।

ड्रोन और सुरक्षा व्यवस्था पर सख्ती

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा, रोड शो और अन्य आयोजनों के दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

ड्यूटी और पहचान को लेकर विशेष निर्देश

सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सादी वर्दी और वर्दी में तैनात सभी पुलिसकर्मियों की पहचान और ड्यूटी कार्ड की जांच की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी जवान अनावश्यक रूप से एक स्थान पर एकत्र न हो।

रूट पर सख्त निगरानी और सत्यापन

रोड शो के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मानव श्रृंखला में शामिल सभी लोगों का सत्यापन अनिवार्य किया गया है। जांच और फ्रिस्किंग के बाद ही किसी को कार्यक्रम में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा।

सुरक्षा को कई जोन में बांटा गया

अधिकारियों के अनुसार पूरे वीवीआईपी कार्यक्रम क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से 2 सुपर जोन, 6 जोन, 12 सेक्टर और 54 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।