गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के नीति खंड-2 स्थित एक रिहायशी अपार्टमेंट में मंगलवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की शुरुआत बेसमेंट से हुई, जो कुछ ही समय में तेजी से फैलते हुए ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। घने धुएं और बढ़ती लपटों के बीच दमकलकर्मियों ने मौके पर फंसे 3 से 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि असली कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही की जाएगी। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग को पूरी तरह बुझाने में जुटी हुई है। साथ ही आसपास के क्षेत्र में एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है। घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।