चमोली। भाई दूज के दिन गोपेश्वर-पोखरी रोड पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक कार खाई में गिरकर आग की चपेट में आ गई। हादसे में पिता और उनके एक पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां और दूसरा पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, अरविंद त्रिपाठी और उनकी पत्नी अनिता त्रिपाठी अपने पुत्र अनन्त (22) और अम्बुज (25) के साथ पोखरी के विशाल पाव गांव गई थी। अनिता का मायका वहीं स्थित है। परिवार दीपावली मनाने गांव आया था और वापसी के दौरान यह हादसा हुआ।
घटनास्थल पर बताया गया कि गोपेश्वर-पोखरी रोड पर कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और गिरते ही उसमें आग लग गई। इस हादसे में कार में सवार अरविंद और अनन्त त्रिपाठी जलकर मृत हो गए, जबकि अनिता और अम्बुज गंभीर रूप से घायल हैं।
अरविंद त्रिपाठी देहरादून सिंचाई विभाग में ईई थे और परिवार देहरादून में रहता था। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया और आग पर काबू पाया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।