त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस तरह की घटनाएँ प्रदेश में किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं हैं और सरकार अराजक तत्वों के खिलाफ सख्ती बरतेगी।

त्रिपुरा के उनकोटी जिले के नंदानगर के रहने वाले 24 वर्षीय एंजेल चकमा की हत्या में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से दो आरोपी नाबालिग हैं, जिन्हें बाल सुधार गृह भेजा गया है। वहीं, एक आरोपी अभी फरार है और उसकी धर-पकड़ के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस फरार आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है, और उसकी तलाश के लिए पुलिस की एक टीम नेपाल भेजी गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस को फरार आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अराजक तत्व से किसी प्रकार की सहानुभूति की उम्मीद न रखें। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

सीएम ने मृतक छात्र एंजेल चकमा के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में रह रहे सभी नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगी।