उत्तरकाशी जिले में गुलदार के हमले से इलाके में दहशत फैल गई है। जरड़ा गांव के दो ग्रामीण उस समय गुलदार का शिकार बन गए, जब वे बकरियों को चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना यमुनोत्री हाईवे से सटे बर्नीगाड़–गंगनानी धारा क्षेत्र के जंगलों में हुई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जरड़ा गांव निवासी अभी सिंह पुत्र राम सिंह और पीनाठिया सिंह पुत्र कौर सिंह गंगनानी धारा के पास बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक एक ग्रामीण पर हमला कर दिया। साथी को बचाने के लिए आगे बढ़े दूसरे व्यक्ति को भी गुलदार ने घायल कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया।

बताया जा रहा है कि बर्नीगाड़ क्षेत्र में गुलदार के हमले की यह पहली घटना है, जिससे स्थानीय निवासियों में भय का माहौल बना हुआ है। उप प्रभागीय वनाधिकारी, अपर यमुना वन प्रभाग साधु लाल पलियाल ने बताया कि दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है और नियमानुसार मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनज़र क्षेत्र में वन विभाग की गश्ती टीम भी तैनात की जाएगी।

वहीं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा देने और इलाके में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।