भारत के स्मार्ट टीवी मार्केट में Xiaomi एक बार फिर बड़ा कदम रखने जा रही है। कंपनी ने पुष्टि की है कि Xiaomi X Pro QLED (2026) का नया 75 इंच मॉडल 19 फरवरी को लॉन्च होगा। यह अब तक की X Pro QLED सीरीज का सबसे बड़ा स्क्रीन वर्जन होगा और प्रीमियम टीवी सेगमेंट में कंपनी का मुकाबला और कड़ा होने वाला है।

19 फरवरी को होगा लॉन्च

Xiaomi ने सोशल मीडिया पोस्ट और अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर माइक्रोसाइट के जरिए जानकारी दी है कि 75 इंच का यह टीवी सीधे Xiaomi India ऑनलाइन स्टोर से उपलब्ध होगा। कंपनी ने अभी इसकी कीमत का खुलासा नहीं किया है, लेकिन अनुमान है कि यह प्रीमियम कैटेगरी में आएगा। पिछली X Pro QLED (2025) सीरीज के 43, 55 और 65 इंच मॉडल्स की शुरुआती कीमतें क्रमशः 31,999 रुपये, 44,999 रुपये और 64,999 रुपये थी।

बड़े डिस्प्ले और नए विजुअल फीचर्स

नए 75 इंच टीवी में पतले बेजल्स दिए जाएंगे, जिससे स्क्रीन और अधिक इमर्सिव लगेगी। इसके साथ CineMagiQ और MaxMagiQ फीचर्स भी शामिल होंगे, जो कलर, कॉन्ट्रास्ट और पिक्चर प्रोसेसिंग को बेहतर बनाने में मदद करेंगे। टीवी के साथ स्टैंड मिलेगा और इसे वॉल माउंट करने का विकल्प भी होगा। फिलहाल पैनल रिजॉल्यूशन और रिफ्रेश रेट जैसी डिटेल्स आधिकारिक तौर पर जारी नहीं हुई हैं।

पुराने मॉडल से अंदाजा लगाया जा सकता है

Xiaomi X Pro QLED (2025) सीरीज में 4K रिजॉल्यूशन, Dolby Vision, HDR10+ और 120Hz तक रिफ्रेश रेट सपोर्ट था। इसमें Vivid Picture Engine 2 और DLG टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया था। 65 इंच मॉडल में 34W स्पीकर सिस्टम, Dolby Audio, DTS:X और DTS Virtual:X सपोर्ट मौजूद था। इसके अलावा Filmmaker Mode और MagiQ कलर फीचर भी शामिल थे। नए 75 इंच मॉडल में इन फीचर्स के अपग्रेडेड वर्जन मिलने की उम्मीद है।