नई दिल्ली: पिछले साल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एनएचएआई ने 3,000 रुपये वाले FASTag वार्षिक पास (Annual Pass) की शुरुआत की थी। इसे इतना जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला कि 50 लाख से अधिक लोग इसका इस्तेमाल करने लगे। अब इस पास की कीमत में हल्की बढ़ोतरी की गई है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए FASTag एनुअल पास की फीस 3,000 रुपये से बढ़ाकर 3,075 रुपये कर दी है। यह नई दर 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी।

FASTag एनुअल पास के फायदे

यह वार्षिक पास मुख्य रूप से उन वाहनों के लिए है जो नियमित रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करते हैं। पास एक्टिव होने पर वाहन टोल प्लाजा से साल भर में 200 बार तक गुजर सकता है। यह सुविधा निजी कार, जीप और वैन के लिए उपलब्ध है।

इसका उद्देश्य टोल भुगतान की बार-बार की झंझट को कम करना और पूरे देश में डिजिटल टोल संग्रह को बढ़ावा देना है।

कैसे खरीदें FASTag एनुअल पास

एनुअल पास को राजमार्ग यात्रा ऐप, NHAI की वेबसाइट या MoRTH की आधिकारिक साइट से खरीदा जा सकता है। पास एक्टिवेट करने के लिए अपने FASTag अकाउंट में लॉगिन करना होगा। इसके बाद वाहन रजिस्ट्रेशन और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करके UPI, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए भुगतान करना होगा।

भुगतान पूरा होने के बाद एनुअल पास FASTag से लिंक हो जाता है और लगभग 24 घंटे के भीतर एक्टिव हो जाता है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक देश में लगभग 11.86 करोड़ FASTag जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से लगभग 5.9 करोड़ सक्रिय हैं और वे इलेक्ट्रॉनिक टोल भुगतान के लिए उपयोग किए जा रहे हैं।