नई दिल्ली में रोजमर्रा की जरूरतों की चीजें एक बार फिर महंगी हो गई हैं। पेट्रोल-डीजल और दूध के बाद अब ब्रेड की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मुंबई में कई ब्रेड उत्पादों के दाम एक साथ 5 रुपये प्रति पैकेट तक बढ़ा दिए गए हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।

मुंबई में ब्रेड के दाम बढ़े

जानकारी के मुताबिक, मुंबई में मॉडर्न ब्रेड कंपनी ने अपने कई प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ा दिए हैं। 400 ग्राम सैंडविच ब्रेड की कीमत 40 रुपये से बढ़कर 45 रुपये हो गई है। वहीं होल व्हीट ब्रेड 55 से 60 रुपये, मल्टीग्रेन ब्रेड 60 से 65 रुपये और छोटी ब्राउन ब्रेड 28 से 30 रुपये तक पहुंच गई है। सफेद ब्रेड की कीमत भी 20 रुपये से बढ़कर 22 रुपये हो गई है।

लागत बढ़ने से कंपनियों पर दबाव

बेकरी सेक्टर से जुड़े लोगों का कहना है कि कच्चे माल की बढ़ती कीमतों के कारण दाम बढ़ाना मजबूरी बन गया है। प्लास्टिक पैकेजिंग, ट्रांसपोर्ट और इंपोर्टेड मैटेरियल की लागत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसका सीधा असर ब्रेड की कीमतों पर पड़ रहा है।

कुछ बेकरी संचालकों के अनुसार, पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाला प्लास्टिक पाउडर भी महंगा हो गया है, जिससे उत्पादन लागत बढ़ गई है।

बेकरी इंडस्ट्री की चिंता

इंडिया बेकर्स एसोसिएशन से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि केवल पैकेजिंग ही नहीं, बल्कि प्रिजर्वेटिव, नमक और ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी ने भी उद्योग पर दबाव डाला है। ट्रांसपोर्टेशन लागत बढ़ने से कुल उत्पादन खर्च काफी ऊपर चला गया है।

आम लोगों पर असर

उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले जहां ब्रेड की कीमतें धीरे-धीरे बढ़ती थीं, अब एक बार में 5 रुपये तक का इजाफा हो रहा है, जिससे घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोग चिंतित नजर आ रहे हैं।