मारुति वैगनआर ने रचा रिकॉर्ड, दुनियाभर में 1 करोड़ यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार

मारुति सुजुकी की लोकप्रिय हैचबैक कार वैगनआर ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि इस कार की वैश्विक बिक्री 1 करोड़ यूनिट के पार पहुंच गई है। भारत में इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5.79 लाख रुपये है। यह उपलब्धि पाने वाली वैगनआर अब चुनिंदा वैश्विक मॉडलों की सूची में शामिल हो गई है।

भारतीय बाजार में वैगनआर को ग्राहकों का हमेशा से भरपूर प्यार मिला है। यह लगातार देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में बनी रही है।

31 साल में रचा इतिहास
वैगनआर की पहली बार लॉन्चिंग 1993 में जापान में हुई थी। भारत में इसे वर्ष 1999 में पेश किया गया। 31 वर्षों के सफर में इस मॉडल ने वैश्विक स्तर पर यह ऐतिहासिक आंकड़ा छुआ है। इसकी ‘टॉल-बॉय’ डिजाइन, बेहतर ग्राउंड क्लीयरेंस और ज्यादा इंटीरियर स्पेस के चलते यह भारत जैसे बाजारों में बेहद उपयोगी साबित हुई है।

2019 में आया नया अवतार
वैगनआर को अब तक भारत में तीन बार अपडेट किया जा चुका है। इसका नवीनतम फेसलिफ्ट 2019 में आया था, जिसमें ज्यादा स्पेस और नए इंजन विकल्प जोड़े गए। मौजूदा वैगनआर में 1.0 लीटर और 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ CNG वर्जन भी उपलब्ध है। खासतौर पर इसका CNG मॉडल निजी और कमर्शियल दोनों खरीदारों के बीच काफी लोकप्रिय है।

भारत बना सबसे बड़ा बाजार
वैगनआर की सबसे ज्यादा मांग भारत में है। यह देश में लगातार बिक्री के रिकॉर्ड तोड़ती रही है। 2024 में भारत में इसके 25 साल पूरे हुए, और तब तक 32 लाख से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री हो चुकी थी। वर्तमान में यह कार करीब 75 देशों में बेची जा रही है, जिनमें एशिया और यूरोप के कई बाजार शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here