नई दिल्ली। पीएम मोदी ने देश के 70 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र सौंपा है। 13 जून को जगार मेला में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीएम ने नियुक्ति पत्र बांटे। इस दौरान मोदी ने युवाओं को संबोधित भी किया।

रोजगार मेला में मोदी ने कहा, 'ये रोजगार मेले एनडीए और भाजपा सरकार की नई पहचान बन गए हैं। मुझे खुशी है कि बीजेपी के शासन वाली सररकारें भी लगातार इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन कर रही हैं। जो लोग इस समय सरकारी नौकरी में आ रहे हैं उनके लिए यह बहुत ही महत्वपूर्ण समय है। आपके सामने अगले 25 साल में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है।'

मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया हमारी विकास यात्रा में साथ चलने को तत्पर है। भारत को लेकर विश्वास और हमारी अर्थव्यवस्था पर इतना भरोसा पहले कभी नहीं रहा। तमाम कठिनाइयों के बावजूद भारत अपनी अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है। विश्व की बड़ी बड़ी कंपनियां उत्पादन के लिए भारत आ रही हैं।

आज भारत ज्यादा स्थिर, ज्यादा सुरक्षित देश

आज भारत एक दशक पहले की तुलना में ज्यादा स्थिर, ज्यादा सुरक्षित और ज्यादा मजबूत देश है। राजनीतिक भ्रष्टाचार, योजनाओं में गड़बड़ी और जनता-जनार्दन के धन का दुरूपयोग, पुरानी सरकारों में यही पहचान बन गई थी, लेकिन आज भारत सरकार की पहचान उसके निर्णायक फैसलों से हो रही है। आज भारत सरकार की पहचान उसके आर्थिक और प्रगतिशील सामाजिक सुधारों से हो रही है।