नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने एक नई पहल शुरू की है, जिसके तहत हाईवे पर सफाई बनाए रखने में मदद करने वाले यात्रियों को इनाम दिया जाएगा। “क्लीन टॉयलेट पिक्चर चैलेंज” नामक इस अभियान में यात्री टोल प्लाजा पर गंदे टॉयलेट की जानकारी साझा करेंगे और उन्हें उनके FASTag अकाउंट में ₹1,000 का रिचार्ज मिलेगा। यह योजना 30 जून 2026 तक लागू रहेगी।

कैसे पाएं FASTag में ₹1,000 का रिचार्ज

  1. सबसे पहले अपने फोन में Rajmargyatra ऐप का लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल करें।

  2. हाईवे पर दिखने वाले गंदे टॉयलेट की साफ फोटो खींचें।

  3. फोटो ऐप पर अपलोड करते समय अपना नाम, टॉयलेट का स्थान, गाड़ी नंबर (VRN) और मोबाइल नंबर दर्ज करें।

  4. हर गाड़ी नंबर (VRN) के लिए केवल एक बार ₹1,000 का इनाम मिलेगा।

  5. इनाम नकद में नहीं मिलेगा, यह केवल FASTag अकाउंट में क्रेडिट होगा।

  6. यह स्कीम केवल NHAI के संचालित टॉयलेट्स के लिए है; पेट्रोल पंप, ढाबे या रेस्तरां के टॉयलेट इसमें शामिल नहीं हैं।

रिपोर्ट की जांच और नियम

  • एक ही टॉयलेट के लिए दिन में केवल एक इनाम दिया जाएगा। अगर कई लोग एक ही दिन में वही टॉयलेट रिपोर्ट करते हैं, तो इनाम सबसे पहले रिपोर्ट करने वाले को मिलेगा।

  • फोटो Rajmargyatra ऐप से अपलोड करनी होगी और इसमें स्थान की जानकारी (Geo-tag) शामिल होनी चाहिए।

  • फोटो पर समय और तारीख दर्ज होना अनिवार्य है ताकि पता चले कि कौन सी रिपोर्ट पहले आई।

  • नकली या पहले से भेजी गई फोटो को रिजेक्ट कर दिया जाएगा। सभी फोटो की जांच AI तकनीक और अधिकारियों के माध्यम से की जाएगी।

NHAI का उद्देश्य इस पहल के जरिए यात्रियों को जागरूक करना और हाईवे पर सफाई बनाए रखना है।