आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फर्जी नाम से शिकायत भेजने के मामले में लोहामंडी थाना पुलिस ने एक ही परिवार के तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की गई है। आरोप है कि शिकायतकर्ता के रूप में अन्य लोगों के नाम और हस्ताक्षर का फर्जी इस्तेमाल किया गया।
मामला जयपुर हाउस कॉलोनी निवासी पंडित नवीन शर्मा से जुड़ा है, जिन्होंने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनके खिलाफ मुख्यमंत्री कार्यालय में झूठी शिकायतें भेजी गईं। शिकायतों में रामवीर, दुष्यंत दीक्षित और ब्रजेश कुमार जैसे लोगों के नाम दर्ज थे, जबकि संबंधित लोगों ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई शिकायत नहीं की है।
26 जनवरी को भेजी गई थी पहली शिकायत
आरोप है कि 26 जनवरी को मुख्यमंत्री कार्यालय में भेजे गए एक शिकायती पत्र में फर्जी हस्ताक्षर और बदली हुई लिखावट का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा 25 जनवरी 2025 को भी इसी तरह का एक और शिकायत पत्र भेजा गया था, जिसमें सुनील पाराशर का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज था।
सुनील पाराशर ने बाद में लिखित रूप से स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई शिकायत नहीं की थी। पीड़ित का आरोप है कि यह सभी शिकायतें उनके पड़ोसी नवीन कुमार विद्यार्थी और उनके परिवार की ओर से कराई गईं।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ केस
पीड़ित की ओर से पहले पुलिस आयुक्त और एसीपी लोहामंडी कार्यालय में शिकायत दी गई थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर मामला कोर्ट पहुंचा। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने नवीन कुमार विद्यार्थी, उनके पुत्र प्रफुल्ल कुमार विद्यार्थी और पुत्रवधू अप्रा शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
फॉरेंसिक जांच में जाएंगे नमूने
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की लिखावट के नमूने लेकर फॉरेंसिक लैब भेजे जाएंगे, ताकि जांच में स्पष्टता आ सके। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।