आगरा के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के ग्राम दूरा स्थित एक गोशाला में रविवार को दर्दनाक घटना सामने आई, जहां चरने गईं गायों में अचानक तबीयत बिगड़ने से 17 की मौत हो गई, जबकि 13 का इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में मामला जहरीले पदार्थ के सेवन से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि असली कारण का पता रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार, गोशाला संचालक महावीर सिंह के यहां करीब 100 गोवंश हैं। रविवार सुबह चरवाहा लगभग 60 गायों को पास के खेतों में चराने ले गया था। दोपहर करीब ढाई बजे अचानक कई गायों की हालत बिगड़ने लगी और वे जमीन पर गिरकर तड़पने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को खबर दी गई।

कुछ ही समय में 17 गायों की मौत हो गई। सूचना पर पशुपालन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से बीमार 13 गायों का तुरंत इलाज शुरू किया गया, जिसके बाद उनकी हालत में सुधार होने पर उन्हें वापस गोशाला भेज दिया गया। मृत गायों का पोस्टमार्टम कर विसरा जांच के लिए मथुरा भेजा गया है।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डी.के. पांडे के मुताबिक, प्राथमिक तौर पर यह मामला विषाक्तता का लग रहा है। जिस खेत में गायें चर रही थीं, वहां की घास और अन्य नमूनों को भी जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह हादसा कैसे हुआ।

पशु चिकित्सा अधिकारियों का कहना है कि संभव है कि चारे या घास में किसी जहरीले तत्व की मौजूदगी से यह घटना हुई हो। वहीं, प्रशासन इस पहलू की भी जांच कर रहा है कि कहीं इसमें किसी तरह की लापरवाही या जानबूझकर की गई हरकत तो शामिल नहीं है।

इस घटना को लेकर क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय विधायक चौधरी बाबूलाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही गोशाला में पशुओं की देखभाल को लेकर भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।