बिजनौर। धामपुर के मोहल्ला बक्कालान निवासी खैराती स्वीट्स के मालिक राजीव अग्रवाल के इकलौते बेटे और लोकप्रिय यूट्यूबर सौमिल अग्रवाल (28) पिछले करीब एक महीने से इस्राइल में फंसे हुए हैं।

सौमिल 24 फरवरी 2026 को एक कंपनी के आमंत्रण पर शूटिंग के उद्देश्य से इस्राइल गए थे और उनका यह दौरा केवल दो-तीन दिनों का था, लेकिन इसी दौरान ईरान और इस्राइल के बीच युद्ध शुरू हो गया, जिसके कारण वह वहीं फंस गए। वर्तमान में सौमिल तेलअवीव के एक होटल के बंकर में छिपकर रह रहे हैं। फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि इस्राइल के हालात बेहद खराब हैं और ईरान के हमलों से भारी तबाही मची हुई है, जिससे स्थिति काफी डरावनी हो गई है।

सौमिल ने अपनी मुश्किलों का जिक्र करते हुए बताया कि उनके पास घर से ले जाया गया सारा पैसा लगभग खत्म हो चुका है। कंपनी की ओर से खाने-पीने का इंतजाम तो किया जा रहा है, लेकिन उन्हें शुद्ध शाकाहारी भोजन नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है क्योंकि वे मांसाहारी भोजन नहीं करते। इसके अलावा वे केवल एक-दो जोड़ी कपड़े ही लेकर गए थे, जो अब धुलाई न होने के कारण गंदे हो चुके हैं और उन्हें नहाने-धोने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस्राइल से यूरोप के रास्ते भारत लौटना संभव है, लेकिन सौमिल के पास ट्रांजिट वीज़ा नहीं होने के कारण वे यूरोप नहीं जा पा रहे हैं, जिससे उनकी वापसी और मुश्किल हो गई है और परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

परिवार के लोगों ने बताया कि वे लगातार सौमिल के संपर्क में हैं और उनकी स्थिति सुनकर बेहद परेशान हैं। ऑक्सफोर्ड डिग्री कॉलेज के एमडी आशीष सिंघल और पूर्व पालिका अध्यक्ष लीना सिंघल, जो उनके रिश्तेदार भी हैं, ने कहा कि सौमिल की परेशानी सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। वहीं सौमिल की मां पारुल अग्रवाल अपने इकलौते बेटे को लेकर बेहद चिंतित हैं और समझ नहीं पा रही हैं कि क्या करें। परिवार ने भारत सरकार से अपील की है कि जल्द से जल्द हस्तक्षेप कर सौमिल अग्रवाल को सुरक्षित भारत वापस लाया जाए।