एलपीजी सिलिंडरों की किल्लत के बीच भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने नई प्रक्रिया शुरू की है। अब जिन उपभोक्ताओं ने सालाना कोटे के 12 सिलिंडर रिफिल कर लिए हैं, उन्हें नई बुकिंग के लिए हेलो बीपीसीएल एप पर जाकर कुछ सवालों के जवाब देना अनिवार्य होगा।
सवालों में परिवार के सदस्यों की संख्या, आने वाले मेहमानों का विवरण और घर में शादी, भंडारा या कोई अन्य आयोजन शामिल है। केवल सही जानकारी देने के बाद ही सिलिंडर बुक होगा।
नई प्रक्रिया से उपभोक्ताओं और एजेंसियों में भ्रम
रविवार से लागू इस नियम की जानकारी गैस एजेंसी संचालकों और उपभोक्ताओं को नहीं थी। सुबह से ही मोबाइल फोन से बुकिंग करने की कोशिश कर रहे लोग असफल रहे और एजेंसी पहुंचे। वहां मौजूद स्टाफ को भी नई प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी। बाद में एजेंसी संचालक ने कंपनी के अधिकारियों से संपर्क कर नियम की पुष्टि की।
ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेश सचिव आदर्श गुप्ता के अनुसार, एक वित्त वर्ष में उपभोक्ता केवल 12 सिलिंडर ही ले सकते हैं। कई उपभोक्ताओं का कोटा पहले ही पूरा हो चुका है।
बीपीसीएल के नए दिशा-निर्देश
अब उपभोक्ताओं को सिलिंडर बुक करने के लिए मोबाइल एप डाउनलोड करना होगा, और क्रमवार सवालों के जवाब देने होंगे। तभी नई बुकिंग सफल होगी।
उपभोक्ताओं को होगी परेशानी
स्मार्टफोन के इस दौर में भी कई शहरी और ग्रामीण उपभोक्ता कीपैड वाला फोन इस्तेमाल करते हैं और स्मार्टफोन खरीदने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे लोगों के लिए एप के माध्यम से सवालों के जवाब देना मुश्किल होगा। परिणामस्वरूप, घर बैठे बुकिंग की सुविधा नहीं मिलेगी और उन्हें गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं।
पूछे जाने वाले सवाल
- क्या परिवार में छह या उससे अधिक सदस्य हैं?
- क्या घर में मेहमान आए हैं?
- क्या घर में शादी, भंडारा या अन्य कोई कार्यक्रम है?
- क्या सिलिंडर अन्य घरेलू उपयोग के लिए चाहिए?