अलीगढ़: बीजेपी नेता की मजदूर को लात मारते सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

अलीगढ़ में सोमवार को भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष शल्यराज सिंह ने मजदूर को लात मार दी। यह घटना सीसीटीवी में कैद होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इस मामले का संज्ञान लेते हुए मंगलवार को पुलिस ने शल्यराज सिंह को गिरफ्तार कर शांति भंग में पाबंद कर दिया। हालांकि इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है।

घटनाक्रम के अनुसार, गांधीपार्क क्षेत्र में एटा चुंगी के पास विनोद हॉस्पिटल वाली गली में शल्यराज सिंह का मकान है। विनोद हॉस्पिटल में निर्माण कार्य चल रहा है। सोमवार दोपहर निर्माण  के चलते गली में बीच सड़क पर सरिया पड़ी थी और निकलने वाले वाहन फंस रहे थे। इसी दौरान शल्यराज सिंह वहां से निकले तो उन्होंने मजदूर से कुछ कहा। इसके बाद उन्होंने लात मारते हुए धक्का दे दिया। यह घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया। हालांकि, मजदूर हाथ बांधे खड़ा दिख रहा है। सीसीटीवी फुटेज जब वायरल हुआ तो भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष के तौर पर शल्यराज सिंह की पहचान हो गई।

एटा चुंगी इलाके का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके आधार पर शल्यराज सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई है। – कुलदीप सिंह, एसपी सिटी

हमने गलती मान ली, रास्ता बंद करने का अधिकार किसने दिया

भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष शल्यराज सिंह कहते हैं कि 12 फीट चौड़ी गली में चार मंजिला नर्सिंग होम बन रहा है। निर्माण सामग्री दिन भर गली में पड़ी रहती है। मैं जब अपने घर से निकल रहा था तो मेरे आगे चार गाड़ियां गली में फंसी हुई थीं। मेरे आगे की गाड़ी के चालक ने मजदूर से कुछ कहा तो मजदूर उससे अभद्रता करने लगा। इसी बात पर मैंने उसे समझाने का प्रयास किया तो वह मुझसे भी उसी अंदाज में बोला। इसी आवेश में मैंने गलती कर दी। मगर अब हमने उस रास्ते से निकलना बंद कर दिया है। आज भी गली में बिल्डिंग मैटेरियल डालकर लेंटर डाला गया,  रास्ता बंद है। यह अधिकार किसने दिया, उनसे कोई पूछने वाला नहीं है। हम पर शांति भंग की कार्रवाई हुई है। यह आवाज उठाने का परिणाम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here