दिल्ली में दिनदहाड़े डीयू छात्रा पर एसिड अटैक, पुलिस जांच में जुटी

नई दिल्ली। मुकुंदपुर निवासी 20 वर्षीय युवती पर रविवार को दिनदहाड़े एसिड से हमला किया गया। गंभीर रूप से झुलसी युवती को उपचार के लिए दीपचंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर को अस्पताल से सूचना मिली कि एक युवती को एसिड बर्न इंजरी के साथ भर्ती किया गया है। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर पीड़िता से पूछताछ की।
पीड़िता ने बताया कि वह स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा है और अतिरिक्त कक्षा के लिए अशोक विहार स्थित लक्ष्मीबाई कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान मुकुंदपुर निवासी जितेंद्र अपने दो साथियों ईशान और अरमान के साथ मोटरसाइकिल पर पहुंचा। पीड़िता ने कहा कि ईशान ने अरमान को बोतल थमाई, जिसके बाद अरमान ने उस पर तेजाब फेंक दिया। युवती के दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि उसने चेहरा बचाने का प्रयास किया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता ने यह भी बताया कि जितेंद्र पिछले कुछ समय से उसका पीछा कर रहा था और करीब एक माह पहले उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़िता के बयान और चोटों की गंभीरता को देखते हुए भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.