बिहार में नई सरकार के बाद नीतीश कुमार ने की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात

पटना। बिहार में नई सरकार के गठन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने उनके आवास 5, देशरत्न मार्ग पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।
बताया गया कि इस मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई। सामने आई तस्वीरों में नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए दिखाई दिए और उन्होंने सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखकर आत्मीयता जताई। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया।
नई सरकार बनने के बाद पहली मुलाकात
बिहार में नई सरकार के गठन के बाद यह पहला अवसर है जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों से मिलने उनके आवास पहुंचे। मुलाकात के दौरान उन्होंने सभी नेताओं को बधाई दी और सरकार के कामकाज के लिए शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि सरकार बेहतर तरीके से काम करती रहे।
सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, सरकार की प्राथमिकताओं और आने वाले समय की रणनीतियों पर भी चर्चा हुई। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब बिहार की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं।
शराबबंदी को लेकर सरकार का रुख साफ
नई सरकार बनने के बाद से राज्य में शराबबंदी कानून को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। कुछ लोगों का मानना था कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस नीति की समीक्षा कर सकते हैं और एनडीए के कुछ विधायकों ने भी इस पर चर्चा की थी।
हालांकि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट कर दिया है कि बिहार में शराबबंदी कानून को खत्म करने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में इस कानून को पहले से ज्यादा सख्ती के साथ लागू किया जाएगा।
सरकार के इस रुख से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी संतुष्ट नजर आए। वहीं विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल ने भी शराबबंदी को जारी रखने के फैसले का समर्थन किया है। जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार के संकल्प को आगे बढ़ाने का काम किया है और इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.