अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला: कहा- जनता और विपक्ष के साथ करती है दुर्व्यवहार

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर धोखेबाज पार्टी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह जनता और विपक्षी दलों के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार करती है। प्रदेश मुख्यालय पर बृहस्पतिवार को विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार ने दोषपूर्ण जीएसटी लागू कर दस वर्षों से महंगाई बढ़ाई और आम जनता को आर्थिक तौर पर नुकसान पहुंचाया।
अखिलेश ने कहा कि सरकार को ईमानदार होना चाहिए और उसका भाषा और व्यवहार उचित होना चाहिए। लेकिन भाजपा का रवैया तानाशाहीपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि पीडीए की बढ़ती ताकत और एकजुटता से भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचाया है, नदियों की सफाई नहीं हुई और पहाड़ी राज्यों में अनियोजित निर्माण कार्यों व पेड़ों की कटाई से तबाही के हालात पैदा हो गए हैं।
सपा प्रमुख ने डॉ. राममनोहर लोहिया द्वारा शुरू किए गए हिमालय बचाओ अभियान का हवाला देते हुए कहा कि उसी नीति पर चलकर इन राज्यों को बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार अर्थव्यवस्था के मामले में झूठे दावे कर रही है और लोगों की प्रति व्यक्ति आय स्पष्ट नहीं कर रही। अगर सब कुछ ठीक है तो फिर कई करोड़ लोगों को मुफ्त राशन क्यों देना पड़ रहा है।
ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर शुभकामनाएं
अखिलेश यादव ने इस्लाम धर्म के संस्थापक पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब के जन्मदिन, ईद-ए-मिलाद-उन-नबी, पर सभी के सुख, समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि यह दिन पैगंबर के जीवन और उनके संदेशों को याद करने का अवसर है और सभी से प्रेम और सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.