अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- ग्राम प्रधान चुनाव तक नहीं करा पाई सरकार

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो सरकार नवंबर में विधानसभा चुनाव कराने की बातों का प्रचार कर रही है, वह ग्राम प्रधान के चुनाव तक नहीं करा पाई।
आजमगढ़ में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की विदाई अब तय है और प्रदेश की जनता इसे सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुके हैं और आरक्षण के अधिकारों के साथ भी छेड़छाड़ की गई है।
उन्होंने कहा कि जो लोग ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ की बात करते हैं, वे पहले अपने ही स्तर पर स्थानीय चुनावों को सही तरीके से नहीं करा पा रहे हैं। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को अपने 10 साल के कार्यकाल का हिसाब जनता को देना होगा।
अयोध्या मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी बेहद निंदनीय और गंभीर विषय है। एसआईटी जांच का गठन हुआ है, लेकिन उसकी रिपोर्ट पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लिए धर्म से ज्यादा धन महत्वपूर्ण हो गया है।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री लगातार अयोध्या दौरे कर रहे थे, लेकिन इसके बावजूद चढ़ावे की कथित चोरी सामने आना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं आस्था के साथ खिलवाड़ हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.