हस्तिनापुर में पत्रकार बताकर ब्लैकमेलिंग का आरोप, पीड़िता ने की कार्रवाई की मांग

मेरठ के हस्तिनापुर कस्बे की पोस्टवार कॉलोनी निवासी एक महिला ने खुद को पत्रकार बताने वाले एक व्यक्ति समेत अन्य लोगों पर रंगदारी मांगने, ब्लैकमेल करने, धमकी देने और झूठे मुकदमे में फंसाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने थाना हस्तिनापुर में तहरीर देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, गुर्जर समाज के लोगों ने भी पुलिस को ज्ञापन सौंपकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।
पीड़िता बबीता का आरोप है कि उनके पति ट्रैक्टर और डंपर से मिट्टी ढुलाई का कार्य करते हैं। आरोप है कि स्वयं को पत्रकार बताने वाला एक व्यक्ति पिछले करीब एक वर्ष से अलग-अलग मामलों का डर दिखाकर पैसे की मांग कर रहा था। महिला के अनुसार आरोपी अपने दो साथियों के साथ मिलकर लगातार 50-50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे और पैसे न देने पर बदनाम करने व कानूनी कार्रवाई कराने की धमकी दी जाती थी।
महिला ने बताया कि 7 जून की रात उनके पति खेत में मिट्टी समतलीकरण का कार्य करवा रहे थे, तभी आरोपी मौके पर पहुंचे और काम रुकवाकर रुपये मांगने लगे। विरोध करने पर वीडियो वायरल करने और वाहनों को जब्त कराने की धमकी दी गई। दबाव में आकर पति ने 25 हजार रुपये दे दिए, लेकिन इसके बाद भी आरोपियों ने पीछा नहीं छोड़ा और घर तक पहुंचकर शेष रकम की मांग की। विरोध करने पर मारपीट का आरोप भी लगाया गया है।
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद आरोपियों ने उनके पति और अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण, लूट और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया। बबीता ने दावा किया है कि उनके पास ऑडियो और वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें पुलिस को सौंपा जाएगा।
इधर, मामले को लेकर ग्राम सिरजेपुर में गुर्जर समाज की बैठक भी हुई, जिसमें आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। बैठक के बाद बड़ी संख्या में लोग थाना हस्तिनापुर पहुंचे और पुलिस को ज्ञापन सौंपा।
थाना प्रभारी लाला राम शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साक्ष्यों के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.