मेरठ: बहन की हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी भाई, पुलिस जांच में जुटी

मेरठ: लोहिया नगर थाना क्षेत्र के रसूल नगर में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां 22 वर्षीय युवक ने अपनी 19 वर्षीय बहन की कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी खुद ही पैदल करीब 500 मीटर दूर बिजली बंबा पुलिस चौकी पहुंचा, लेकिन वहां पुलिसकर्मी मौजूद नहीं मिले। इसके बाद वह लोहिया नगर थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
थाने में आरोपी ने कहा कि उसने अपनी बहन की हत्या कर दी है और शव घर में पड़ा हुआ है। इस सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल टीम को उसके साथ मौके पर भेजा गया, जहां घर के अंदर एक कमरे में युवती का शव जमीन पर पड़ा मिला।
पुलिस ने मौके की जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। वहीं आरोपी को हिरासत में लेकर थाने की हवालात में बंद कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मृतका इलमा (19) का कुछ समय पहले श्याम नगर निवासी गुलफाम से निकाह हुआ था, लेकिन दांपत्य जीवन में अनबन के चलते वह काफी समय से अपने मायके रसूल नगर में रह रही थी। बताया जा रहा है कि उसका एक युवक से कथित प्रेम संबंध भी था, जिसका उसका भाई दिलशाद विरोध करता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार में बहन के व्यवहार और उसके बार-बार घर से बाहर जाने को लेकर विवाद बना रहता था। आरोप है कि इसी तनाव और नाराजगी के चलते दिलशाद ने मंगलवार को दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, दिलशाद पेशे से वेल्डिंग का काम करता है और परिवार के साथ ही रहता है। पूछताछ में उसने बताया कि बहन कई-कई दिनों तक बिना बताए घर से बाहर रहती थी, जिससे वह नाराज था और इसी बात पर विवाद बढ़ता चला गया।
आरोपी ने यह भी दावा किया कि करीब दो साल पहले भी इलमा को परिवार ने एक युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था, जिसके बाद विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.