मेरठ: दौड़ती टूरिस्ट बस में लगी आग, चालक की सूझबूझ से 26 यात्रियों की बची जान

मेरठ: जयपुर से हरिद्वार जा रही एक टूरिस्ट स्लीपर बस शुक्रवार को उस समय बड़े हादसे से बाल-बाल बच गई, जब मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में दादरी गांव के पास बस में अचानक आग लग गई। बस में सवार 26 यात्रियों को चालक की सूझबूझ से समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली–देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रही थी, तभी बस के अगले हिस्से से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। चालक राजेंद्र ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और परिचालक की मदद से सभी यात्रियों को तत्काल नीचे उतार दिया। कुछ ही मिनटों के भीतर बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई।
बस में कुल 26 यात्री सवार थे, जिनमें 8 महिलाएं, 17 पुरुष और 1 बच्चा शामिल था। यात्रियों ने किसी तरह अपना सामान छोड़कर सुरक्षित बाहर निकलकर जान बचाई। आग लगने के बाद कुछ ही देर में बस से ऊंची लपटें उठने लगीं और वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मेरठ और मुजफ्फरनगर से दमकल विभाग की कुल आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। इस दौरान हाईवे पर यातायात बाधित रहा और लंबा जाम लग गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने बाद में यात्रियों के लिए दूसरी बस की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित उनके गंतव्य हरिद्वार के लिए रवाना कर दिया। यात्रियों ने चालक की तत्परता और सूझबूझ की सराहना की, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.