सेना भर्ती 2027: CEE परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी, 1 से 12 जून तक होगी ऑनलाइन परीक्षा

भारतीय सेना में भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित होने वाली कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) के एडमिट कार्ड जारी किए जाने शुरू हो गए हैं। जिन अभ्यर्थियों ने इस भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन किया था, वे 15 मई 2026 से भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट Join Indian Army पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
सेना द्वारा यह ऑनलाइन परीक्षा 1 जून से 12 जून 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा पूरी तरह कंप्यूटर आधारित होगी और देशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएगी। राजस्थान में इस परीक्षा के लिए कुल 11 शहरों—अजमेर, अलवर, बीकानेर, भरतपुर, हनुमानगढ़, जयपुर, जोधपुर, कोटा, श्रीगंगानगर, सीकर और उदयपुर—में 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
इस कॉमन एंट्रेंस एग्जाम के जरिए विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं और 10वीं पास), महिला सैन्य पुलिस, सैनिक तकनीकी (एनए/एनए मेडिकल), सिपाही फार्मा, हवलदार शिक्षा (आईटी/साइबर, सूचना संचालन एवं भाषाविद) और धार्मिक शिक्षक जूनियर कमीशंड अधिकारी शामिल हैं।
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपने एडमिट कार्ड में परीक्षा की तारीख, समय और केंद्र की जानकारी ध्यानपूर्वक जांच लें और परीक्षा दिवस पर समय से पहले केंद्र पर पहुंचें। परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ वैध फोटो पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा।
भारतीय सेना ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारी प्राप्त करें और किसी भी तरह की तकनीकी समस्या या सहायता के लिए अपने संबंधित सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क करें। सभी भर्ती कार्यालयों की जानकारी Join Indian Army पोर्टल पर उपलब्ध है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.