रांची में एटीएस और दिल्ली पुलिस की गुप्त छापेमारी, आईएसआई से जुड़े संदिग्ध गिरफ्तार

राजधानी रांची के इस्लामनगर स्थित तबारक लॉज से आतंकी संगठन से जुड़े संदिग्ध अरशद दानिश को एटीएस और दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। छापेमारी इतनी गुप्त तरीके से की गई कि आसपास के लोग कुछ भी महसूस नहीं कर पाए। एटीएस की टीम रात करीब दो बजे लॉज पहुंची और दल बल के साथ कार्रवाई की।
इस छापेमारी में अरशद दानिश के पास से हथियार और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई, जिसे एटीएस ने अपने कब्जे में ले लिया। अरशद दानिश बोकारो के पेटवार का रहने वाला है और लंबे समय से रांची के लॉज में रह रहा था। उसकी गतिविधियों की जानकारी दिल्ली पुलिस को मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। अब आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर दिल्ली ले जाया जाएगा।
एटीएस के अधिकारी फिलहाल इस मामले पर आधिकारिक बयान नहीं दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, रांची के विभिन्न इलाकों में दिल्ली पुलिस और एटीएस की टीम ने कई छापेमारियाँ की हैं, जिनमें आतंकी संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत हाथ लगे हैं। गिरफ्तार अरशद दानिश के आईएसआई से जुड़े होने की बात सामने आ रही है। इसके अलावा, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस ने पलामू में भी छापेमारी कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.