बागपत में वाटरकूलर को लेकर पंचायत घर बना रणक्षेत्र, चलीं कुर्सियां

बागपत। छपरौली क्षेत्र के बोडढा गांव में पंचायत घर में लगाए जाने वाले वाटरकूलर को लेकर बुधवार को विवाद अचानक हिंसक हो गया। प्रधान पक्ष और शिकायतकर्ता जसवीर के बीच शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पंचायत घर में कुर्सियां तक चल गईं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
जांच के दौरान उठा विवाद
जानकारी के अनुसार, जसवीर ने कुछ दिन पहले जिला प्रशासन से गांव में हुए विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत की थी। शिकायत के बाद मामले की जांच के लिए जिला गन्ना अधिकारी अशरफी लाल और जल निगम के कनिष्ठ अभियंता की संयुक्त टीम गठित की गई थी।
बुधवार को जांच समिति पंचायत घर पहुंची और संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसी दौरान शिकायतकर्ता पक्ष ने आरोप लगाया कि पंचायत घर के लिए स्वीकृत वाटरकूलर को प्रधान द्वारा अपने घर पर लगवा दिया गया है। उन्होंने मांग की कि निर्धारित तिथि से पहले वाटरकूलर को पंचायत घर में स्थापित किया जाए।
बहस से बढ़ा विवाद, मौके पर अफरा-तफरी
वाटरकूलर को लेकर शुरू हुई चर्चा जल्द ही तीखी बहस में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप बढ़ते गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर कुर्सियां चलने लगीं और पंचायत घर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, वीडियो की जांच जारी
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराते हुए चौकी ले गई। जांच अधिकारी आशीष पुंडीर ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
उन्होंने कहा कि घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है। वायरल वीडियो और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.