बागपत: सोते पति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश, पत्नी-प्रेमी हिरासत में

बागपत। जनपद के बिनौली क्षेत्र के बिजवाड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक को कथित रूप से उसकी पत्नी और उसके प्रेमी द्वारा पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सोते समय दिया वारदात को अंजाम
परिजनों के अनुसार, शनिवार रात गांव निवासी राजीव अपने कमरे में सो रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी नीशू ने कथित रूप से अपने पड़ोसी विक्रांत को घर बुलाया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर सोते हुए राजीव पर पेट्रोल डाल दिया और उसे आग लगा दी।
आग लगते ही राजीव किसी तरह जान बचाकर घर से बाहर भागा और जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी छत के रास्ते फरार हो गए।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
आग की चपेट में आने से राजीव का शरीर बुरी तरह झुलस गया। परिजनों ने उसे पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में उसे मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच अधिकारी के अनुसार, पीड़ित ने अपने बयान में भी पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहा था विवाद
परिजनों का कहना है कि राजीव की पत्नी का पड़ोस के युवक विक्रांत से लंबे समय से संबंध था, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। वर्ष 2014 में दोनों का विवाह हुआ था और उनके तीन बच्चे भी हैं। हालांकि, पिछले कुछ समय से दोनों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.