सरकारी रास्ते पर दीवार निर्माण को लेकर बागपत में खूनी संघर्ष, 9 लोग घायल

बागपत के मोहम्मदपुर खुंटी गांव में सरकारी रास्ते पर दीवार निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हुई मारपीट में एक महिला समेत कुल नौ लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां से कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी बृजपाल द्वारा सरकारी रास्ते पर दीवार निर्माण कराया जा रहा था। इसी निर्माण का गांव के ही ओमबीर पक्ष ने विरोध किया। विरोध के बाद दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में उग्र झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद बढ़ते ही दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना में एक पक्ष के ओमबीर, राजेंद्र, मनोज, गौरव, किरण, सौरभ और गोविंद घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से मिंटू और संकित को भी चोटें आईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बिनौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष केवल सिंह ने बताया कि सभी घायलों का इलाज चल रहा है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.