बागपत: तीन लाख रुपये मांगने गए कारोबारी पर पालतू कुत्ते से कराया हमला, वीडियो वायरल

बागपत। जनपद के अमीनगर सराय क्षेत्र के गांवड़ी गांव में उधार के पैसे मांगने पहुंचे एक दूध कारोबारी पर कथित तौर पर पालतू कुत्ता छोड़ देने का मामला सामने आया है। इस हमले में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन लाख रुपये की वसूली को लेकर पहुंचा था कारोबारी
मेरठ जिले के रसूलपुर निवासी रमन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह गांवड़ी निवासी सोनू के साथ दूध का कारोबार करता था। कारोबार के दौरान सोनू पर करीब तीन लाख रुपये का बकाया हो गया था, जिसके बाद दोनों के बीच व्यापारिक संबंध भी समाप्त हो गए थे।
रमन के अनुसार, बुधवार सुबह वह अपने बकाया पैसे मांगने सोनू के घर पहुंचा था, लेकिन उस समय सोनू घर पर मौजूद नहीं था। इसी दौरान उस पर कथित रूप से पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया, जिसने उस पर हमला कर दिया और कई जगह काट लिया।
सीसीटीवी में पूरी घटना कैद
इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में देखा जा सकता है कि कुत्ता अचानक रमन पर झपट पड़ता है और उसे जमीन पर गिराकर लगातार हमला करता है। वीडियो में पास मौजूद एक महिला उसे बचाने की कोशिश करती दिखती है, लेकिन कुत्ता काफी देर तक हमला करता रहता है। किसी तरह जान बचाकर रमन वहां से भागता है, लेकिन इस दौरान भी कुत्ता कई बार उस पर हमला करता नजर आता है।
घायल का इलाज, पुलिस जांच में जुटी
हमले में गंभीर रूप से घायल रमन को पहले पिलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। बाद में उसका इलाज एक निजी अस्पताल में कराया गया।
थाना क्षेत्र के जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार चहल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.