बिजनौर: फोन पर विवाद के बाद महिला ने की आत्महत्या, जांच जारी

बिजनौर के गंज दारानगर इलाके में बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 35 वर्षीय महिला पिंकी ने अपने पति से फोन पर हुए विवाद के बाद कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पिंकी के पति नितिन धामपुर स्थित एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं। बुधवार शाम दोनों के बीच फोन पर किसी बात को लेकर बहस हो गई थी, जो देखते ही देखते काफी बढ़ गई। इसी दौरान तनाव में आकर पिंकी ने घर में मौजूद जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
परिजन उसे तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे बिजनौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पिंकी मूल रूप से अफजलगढ़ के गांव भिक्कावाला की रहने वाली थी और उसकी शादी नितिन से करीब नौ साल पहले हुई थी। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। मृतका के परिवार ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उसके भाई ने पति नितिन पर मानसिक उत्पीड़न और जहर देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला जहरीला पदार्थ खाने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। शहर कोतवाल राम प्रताप ने बताया कि बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.