अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, BJP नेत्री की दर्दनाक मौत

जबलपुर। रांझी क्षेत्र में रविवार देर रात एक दुखद हादसे में भाजपा नेत्री संगीता रजक की गोली लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब वह अपने परिजनों को सुरक्षा के लिए लाइसेंसी राइफल देने जा रही थीं। इसी दौरान अचानक राइफल से गोली चल गई, जो उनके पेट में जा लगी।
घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल संगीता रजक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार संगीता रजक पुराने शोभापुर क्षेत्र की निवासी थीं और नगर निगम चुनाव में भाजपा की ओर से पार्षद पद की उम्मीदवार भी रह चुकी थीं। बताया जा रहा है कि उनके परिवार का कुछ लोगों के साथ पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते 28 मई को उनके घर पर बमबाजी की घटना भी हुई थी, जिसके आरोपित अब तक फरार बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार रात एक बार फिर उनके घर पर पथराव किया गया था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के कुछ सदस्य घर से बाहर निकल आए। इसी दौरान संगीता रजक सुरक्षा के उद्देश्य से घर में रखी लाइसेंसी राइफल लेकर बाहर आ रही थीं। माना जा रहा है कि हथियार संभालते समय गलती से ट्रिगर दब गया और गोली चल गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, पहले हुए हमले और हालिया पथराव की घटनाओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.