बर्थडे पार्टी के बाद हैवानियत: चलती कार में महिला मैनेजर से सामूहिक दुष्कर्म

उदयपुर में एक महिला मैनेजर के साथ चलती कार में कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने अहम कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक आईटी कंपनी का सीईओ, एक महिला वरिष्ठ अधिकारी और उसका पति शामिल है। पुलिस ने गुरुवार को सभी आरोपियों को अवकाशकालीन अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों की पहचान सुखाड़िया सर्किल स्थित स्काई मेरिना अपार्टमेंट निवासी आईटी कंपनी के सीईओ जितेश प्रकाश सिसोदिया, सुखेर क्षेत्र के हितावाला अपार्टमेंट निवासी गौरव जाट और उसकी पत्नी (कंपनी की महिला एग्जीक्यूटिव हेड) के रूप में हुई है।
जन्मदिन पार्टी के बाद की बताई जा रही है पूरी घटना
एसपी के अनुसार, 20 दिसंबर को शोभागपुरा स्थित एक होटल में आईटी कंपनी के सीईओ का जन्मदिन और ईयर एंड पार्टी आयोजित की गई थी। पीड़िता रात करीब 9 बजे पार्टी में शामिल हुई थी, जो देर रात लगभग डेढ़ बजे तक चली। इस दौरान सीईओ, महिला अधिकारी और उसका पति भी पार्टी में मौजूद थे।
पीड़िता के मुताबिक, पार्टी खत्म होने के बाद महिला अधिकारी ने उसे आफ्टर पार्टी में चलने का प्रस्ताव दिया। रात करीब 1:45 बजे उसे कार में बैठाया गया, जिसमें पहले से सीईओ और महिला अधिकारी का पति मौजूद था। इसके बाद तीनों उसे घर छोड़ने के बहाने कार से ले गए।
धुएं के सेवन के बाद हालत बिगड़ने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि रास्ते में उसे जबरन स्मोक कराया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। कुछ समय बाद जब उसे होश आया, तो उसने खुद को असहज स्थिति में पाया और आरोप लगाया कि कंपनी के सीईओ ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसके बाद महिला अधिकारी सहित तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता का कहना है कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद उसे सुबह करीब पांच बजे घर छोड़ा गया। बाद में होश में आने पर उसने पाया कि उसके एक ईयररिंग, मोजे और अंतर्वस्त्र गायब थे, जबकि शरीर पर चोट के निशान भी मौजूद थे। जांच के दौरान कार में लगे डैशकैम के ऑडियो-वीडियो फुटेज में भी आरोपियों की गतिविधियां रिकॉर्ड होने की जानकारी सामने आई है।
23 दिसंबर को दर्ज हुई शिकायत
पीड़िता ने 23 दिसंबर की रात सुखेर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। एफआईआर के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.