मनाली: चिट्टा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मनाली पुलिस ने झाड़ग क्षेत्र में छापेमारी कर 26.200 ग्राम चिट्टा बरामद किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
- गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं, सभी आरोपी अमृतसर के रहने वाले बताए गए हैं।
- पुलिस ने नकदी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और अन्य सामग्री भी जब्त की है तथा पूरे ड्रग नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
मनाली: नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनाली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने झाड़ग क्षेत्र में एक किराये के कमरे में छापेमारी कर 26.200 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने अमृतसर निवासी चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चिट्टे के अलावा 20 हजार रुपये की नकदी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, सिल्वर फॉइल, लाइटर और नशे के अवैध कारोबार में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह (35), गहनेशाह उर्फ अंश (22), मनप्रीत कौर उर्फ काया (20) और गीता (35) के रूप में हुई है। सभी आरोपी अमृतसर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि नशीले पदार्थ की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस चिट्टा सप्लाई करने वाले तस्करों और अन्य सहयोगियों तक पहुंचने के लिए जानकारी जुटा रही है।
डीएसपी ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार को खत्म करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान में समाज का सहयोग बेहद जरूरी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को 112 हेल्पलाइन के माध्यम से दी जा सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.