कैबिनेट बैठक: सीएम ने ओंकारेश्वर परियोजना की बढ़ी लागत को दी मंजूरी

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लिए गए। बैठक के बाद सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कश्यप ने पत्रकारों को कैबिनेट के प्रमुख फैसलों की जानकारी दी। सबसे महत्वपूर्ण निर्णय लाड़ली बहना योजना की मासिक सहायता राशि बढ़ाने का रहा। अब प्रदेश की बहनों को हर माह 1,250 रुपये की जगह 1,500 रुपये दिए जाएंगे। बताया गया कि फिलहाल राज्य में 1.26 करोड़ लाभार्थी बहनें हैं और अब तक योजना के तहत 44 हजार करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। नई राशि का ट्रांसफर मुख्यमंत्री 12 नवंबर को सिवनी से करेंगे। मंत्री कश्यप ने यह भी कहा कि योजना में छूटे पात्र नाम जोड़ने को लेकर सरकार उपयुक्त समय पर निर्णय लेगी।
किसानों के लिए भावांतर योजना के रेट लागू
किसान हित में एक और अहम कदम उठाते हुए कैबिनेट ने 4036 रेट लागू करने को मंजूरी दी है। इसे प्रदेश में 'रोल मॉडल योजना' के रूप में लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री 13 नवंबर को देवास से किसानों के खातों में भावांतर की राशि भेजेंगे।
मांधाता में खुलेगा नया सिविल न्यायालय
जनहित के दृष्टिगत कैबिनेट ने खंडवा जिले के मांधाता में सिविल न्यायालय स्थापित करने को भी स्वीकृति दे दी है। न्यायालय संचालन के लिए सात नए पद सृजित किए गए हैं।
बिरसा मुंडा जयंती पर राज्य स्तरीय आयोजन
कैबिनेट ने निर्णय लिया है कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती राज्य स्तर पर मनाई जाएगी। प्रमुख कार्यक्रम जबलपुर और आलीराजपुर में आयोजित होंगे, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे। इसके अलावा सभी जिलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
एकात्म धाम परियोजना की लागत बढ़ी
आदि शंकराचार्य को समर्पित ओंकारेश्वर एकात्म धाम परियोजना की संशोधित लागत को भी मंजूरी दी गई है। परियोजना की लागत अब 2,195 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,424.369 करोड़ रुपये हो गई है, यानी 228 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही सभी शासकीय भवनों पर चरणबद्ध तरीके से 20 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट लगाने की योजना भी मंजूर की गई। मंत्री कश्यप ने बताया कि राज्य सरकार ने महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की है।
सीएम का गुजरात दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 नवंबर को गुजरात के केवड़िया में एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस आयोजन में मध्य प्रदेश के 70 कलाकार भी प्रस्तुति देंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.