लखनऊ अग्निकांड: CM योगी ने अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़ा, तत्काल राजधानी रवाना

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में हुए अग्निकांड की सूचना मिलते ही अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही स्थगित कर दिया और तत्काल राजधानी के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री उस समय अलीगढ़ में लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जब उन्हें हादसे की जानकारी दी गई।
जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने मंच से ही जनता को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी इच्छा थी कि वे कार्यक्रम पूरा कर वहीं रुकें, लेकिन लखनऊ में हुई गंभीर दुर्घटना, जिसमें बच्चों के प्रभावित होने और कुछ की मृत्यु की सूचना है, के चलते उन्हें तुरंत लौटना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक (DGP) और गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव को मौके पर पहुंचकर स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि घटना की गहराई से जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सीएम योगी ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति वह गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने लखनऊ के लिए प्रस्थान करते हुए कहा कि सरकार इस दुखद घटना में प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि लखनऊ में हुए अग्निकांड में जनहानि अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.