सीएम योगी ने झांसी में किया योगाभ्यास, बोले- भारत की परंपराओं को मिली वैश्विक पहचान

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। इस वर्ष योग दिवस की थीम 'स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग' निर्धारित की गई है, जिसके तहत लोगों को स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
झांसी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों के सामने ऐसा विजन रखा है, जिसके माध्यम से 140 करोड़ भारतीय गर्व के साथ आगे बढ़ते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में अग्रसर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर वर्ष देश के विभिन्न राज्यों में जाकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में भाग लेते हैं और इस अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने इसे अपना सौभाग्य बताया कि इस बार उन्हें ऐतिहासिक नगरी झांसी में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में लोगों के साथ शामिल होने का अवसर मिला।
राज्यपाल ने राजभवन, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने राजधानी के रेजिडेंसी में किया योग
राजधानी लखनऊ में राजभवन परिसर में सुबह छह बजे आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हिस्सा लिया। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रेजिडेंसी परिसर में आयोजित योग सत्र में भाग लेकर योगाभ्यास किया।
उधर, भारतीय जनता पार्टी की ओर से भी प्रदेश के विभिन्न जिलों में योग शिविर और विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से लोगों को योग अपनाकर स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दिया गया और अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का प्रयास किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.