पीएम मोदी और उनकी मां को लेकर विवादित टिप्पणी, बिहार की सियासत में उठा भूचाल

वैशाली। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की 'बिहार अधिकार यात्रा' के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर बिहार की सियासत गर्मा गई है। भाजपा नेताओं ने तेजस्वी यादव पर तीखा हमला किया और आरोप लगाया कि उनके समर्थकों ने पीएम मोदी की मां के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने इसे लोकतंत्र का अपमान करार देते हुए कहा कि विरोधियों का जवाब देने के लिए मां-बहनों को गाली देना चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव ने सभा में अपने कार्यकर्ताओं को ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने पूर्व में दरभंगा में हुई राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान भी इसी तरह की घटना का जिक्र किया।
वहीं, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा रहे थे, और यह उनके सोच का परिचायक है। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि तेजस्वी के समर्थकों द्वारा पीएम और उनकी मां को बार-बार गाली देना बिहार की जनता के प्रति अपमानजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता जल्द ही इसका जवाब देगी।
राष्ट्रीय जनता दल ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए इसे ध्यान भटकाने का प्रयास बताया। राजद प्रवक्ता ने कहा कि तेजस्वी यादव की यात्रा को जनता का जबरदस्त समर्थन मिला है, जिस कारण भाजपा असहज महसूस कर रही है। उन्होंने वीडियो की विश्वसनीयता पर संदेह जताया और कहा कि यदि किसी ने अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है, तो इसकी जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए।
इस विवाद ने बिहार की सियासी गलियों में जोर पकड़ा है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.