एलओसी के पास गश्त के दौरान धमाका, असम रेजिमेंट के नायब सूबेदार घायल

राजोरी। जम्मू-कश्मीर के राजोरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे झांगड़ क्षेत्र में गुरुवार को गश्त के दौरान माइन विस्फोट की चपेट में आने से भारतीय सेना के एक जवान घायल हो गए। घायल जवान की पहचान 14 असम यूनिट के नायब सूबेदार हितेश्वर गोगोई के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सेना की एक पेट्रोलिंग पार्टी अग्रिम इलाके में नियमित निगरानी और सुरक्षा जांच के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आकर नायब सूबेदार घायल हो गए। विस्फोट के बाद मौके पर कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद सेना ने पूरे क्षेत्र को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
सेना के अधिकारियों ने बताया कि घायल जवान को तुरंत नजदीकी सैन्य चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उधमपुर स्थित कमांड अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की विशेष टीम उनकी निगरानी कर रही है।
पुराने लैंडमाइन की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक आकलन के अनुसार, विस्फोट का कारण पुराने लैंडमाइन या गश्त मार्ग में पहले से मौजूद विस्फोटक उपकरण हो सकता है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके की गहन जांच में जुटी हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके।
गौरतलब है कि राजोरी और नौशेरा जैसे एलओसी से सटे क्षेत्रों में बारिश के दौरान कई बार पुराने बारूदी सुरंगें खिसक जाती हैं, जिससे सैन्य गश्त के दौरान जोखिम बढ़ जाता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.