रतलाम में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खाई में गिरी कार, पांच की मौत

रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। रतलाम शहर से लगभग 25 किलोमीटर दूर ग्राम भेतिया के पास कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए सड़क से नीचे 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक 15 वर्षीय किशोर भी शामिल है। मृतक मुंबई के कुर्ला और गुजरात के वडोदरा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह दिल्ली से मुंबई की ओर जा रही कार (एमएच-03/ईएल-1388) अचानक नियंत्रण खो बैठी और माही नदी की पुलिया के पास सड़क किनारे रेलिंग तोड़ते हुए खाई में गिर गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलने पर रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गडरिया पुलिस टीम और एक्सप्रेसवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और अधिकारियों ने कार में फंसे शवों को बाहर निकालकर रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा। मृतकों की पहचान अभी पूरी तरह नहीं हो पाई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतकों में अब्दुल खालिद पुत्र गुलाम रसूल चौधरी, गुलाम पुत्र मोइनुद्दीन (वडोदरा), 15 वर्षीय दानिश पुत्र इसाक चौधरी, गुलाम रसूल पुत्र इशाक चौधरी और 35 वर्षीय दुर्गेश प्रसाद (कुर्ला, मुंबई) हो सकते हैं। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है और वे दोपहर तक रतलाम पहुंचेंगे।
पुलिस ने बताया कि हादसे का सटीक समय अभी पता नहीं चल पाया है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना के समय और कारण की जांच की जा रही है। मृतकों की वास्तविक पहचान के प्रयास जारी हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.