शादी समारोह में परोसा खाना बना मुसीबत, 50 लोग बीमार

जमुई जिले के झाझा नगर क्षेत्र के चरघरा मोहल्ले में एक शादी समारोह के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब भोजन करने के बाद एक ही परिवार के 50 से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
शादी समारोह के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, चरघरा निवासी विशेश्वर साव के बेटे चंदन की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। रविवार शाम समारोह में घर पर बने विशेष भोजन का आयोजन किया गया था। भोजन करने के कुछ घंटों बाद देर रात से ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।
शुरुआत में परिजनों को लगा कि भीषण गर्मी के कारण लोगों की तबीयत खराब हो रही है, लेकिन सोमवार सुबह तक बच्चों और बुजुर्गों सहित कई लोगों को उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द की शिकायत होने लगी।
मेडिकल टीम ने मौके पर लगाया कैंप
हालात गंभीर होते देख परिजनों ने तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झाझा को सूचना दी। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डॉ. नौशाद के नेतृत्व में एक मेडिकल टीम को चरघरा भेजा।
टीम में सीएचओ अशोक धायल, होशियार सिंह, कैलाश सहनी, भरत सिंह, कृष्णा सिंह और अंकित कुमार समेत कई स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे। सभी ने मौके पर ही अस्थायी कैंप लगाकर बीमार लोगों का इलाज शुरू किया।
दूषित भोजन और गर्मी बनी वजह
डॉक्टरों के अनुसार दूषित भोजन और बढ़ते तापमान के कारण लोगों में संक्रमण तेजी से फैल गया। बीमारों को प्राथमिक उपचार दिया गया और ओआरएस का घोल भी वितरित किया गया, जिससे कई मरीजों की हालत में सुधार देखा गया।
फिलहाल कुछ गंभीर मरीजों की स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग की टीम नजर बनाए हुए है। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में चिंता का माहौल है और शादी की खुशियां अचानक तनाव में बदल गई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.