ग्वालियर: स्कॉर्पियो की टक्कर से ऑटो सवार पांच लोगों की मौत

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बस स्टैंड के पास परशुराम चौराहे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक छोटा बच्चा भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब तीन बजे हुआ। बताया जा रहा है कि एक परिवार शीतला माता मंदिर से दर्शन कर ऑटो से घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सड़क किनारे खड़े नीम के पेड़ से जा टकराया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधिकारी सीएसपी अतुल कुमार सोनी ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है और चार घायलों का इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई घटना की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो ने पहले बस स्टैंड के पास एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी थी, जिसके बाद पुलिस उसका पीछा कर रही थी। भागते समय वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया और रास्ते में जा रहे ऑटो से टकरा गया।
हादसे में इन लोगों की हुई मौत
दुर्घटना में शुभम उर्फ लाली (30), शगुन, इंद्रजीत उर्फ पप्पू शाक्य (55), लीला (52) और प्रीति (60) की मौत हो गई। वहीं हादसे में प्रीति (20), प्रियांश (5), आरव (6) और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.