शिवपुरी में तेज रफ्तार थार का कहर: भाजपा विधायक के बेटे ने पांच लोगों को रौंदा

शिवपुरी: जिले के करैरा क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार वाहन की वजह से एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आरोप है कि करैरा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने लापरवाही से थार गाड़ी चलाते हुए बाइक सवार तीन मजदूरों और सड़क पर जा रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी। इस हादसे में सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायलों में शामिल आशीष परिहार और अंशुल परिहार का कहना है कि हादसे के समय गाड़ी दिनेश लोधी चला रहे थे। उन्होंने बताया कि वाहन के आगे ‘प्रीतम लोधी’ और पीछे ‘विधायक’ लिखा हुआ था। आरोप है कि दुर्घटना के बाद दिनेश लोधी ने घायलों से बहस भी की और उन्हें धमकाया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बनाते हुए पूछा कि क्या गाड़ी में ब्रेक नहीं है। इस पर दिनेश लोधी ने जवाब दिया कि वह लगातार हॉर्न दे रहे थे, लेकिन बाइक पर तीन लोग बैठे थे और वाहन ठीक से नहीं चला रहे थे। वहीं जब राहगीरों को टक्कर मारने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने वीडियो न बनाने की चेतावनी देते हुए कैमरा बंद करवा दिया।
इस बीच हादसे के बाद विधायक प्रीतम लोधी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए अपने ही बेटे के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि विधायक के लिए परिवार से बढ़कर जनता होती है और पुलिस प्रशासन को पीड़ितों को न्याय दिलाना चाहिए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी दिनेश लोधी के खिलाफ अपराध क्रमांक 255/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.