सीकर में भीषण सड़क हादसा: कार-ट्रक की टक्कर में 6 महिलाओं की मौत, 3 घायल

राजस्थान के सीकर जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने फतेहपुर कस्बे सहित आसपास के इलाकों में मातम फैला दिया। फतेहपुर उपखंड के हरसावा गांव के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर एक कार और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में फतेहपुर की रहने वाली छह महिलाओं की मौके पर ही जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
रघुनाथपुर से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, कार सवार सभी लोग रघुनाथपुर से लक्ष्मणगढ़ की ओर किसी कार्यक्रम में शामिल होकर वापस फतेहपुर लौट रहे थे। इसी दौरान हरसावा गांव के पास एनएच-52 पर ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान
थानाधिकारी सुरेंद्र देगड़ा ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान संतोष पत्नी सत्यनारायण माली, तुलसी देवी पत्नी ललित, मोहन देवी पत्नी महेश, इन्द्रा पुत्री महेश, आशा पत्नी मुरारी और चंदा पत्नी सुरेन्द्र के रूप में हुई है। सभी महिलाएं फतेहपुर क्षेत्र की निवासी थीं।
तीन घायलों की हालत गंभीर
दुर्घटना में घायल हुए तीन लोगों में वशीम पुत्र मनीर खां, सोनू पुत्री सुरेन्द्र और बरखा पत्नी ओमप्रकाश शामिल हैं। सभी घायलों को पहले फतेहपुर के राजकीय उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सीकर रेफर कर दिया।
हाईवे पर लगा जाम, पुलिस ने संभाली व्यवस्था
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही फतेहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। मृतकों के शवों को फतेहपुर के राजकीय उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.