उन्नाव में भीषण सड़क हादसा: बस-कार की टक्कर के बाद पलटी बस, 5 की मौत

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्लीपर बस और कार की टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करती हुई सड़क किनारे खाई में पलट गई। दुर्घटना में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
यह हादसा बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 230.800 किलोमीटर माइलस्टोन के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, संतकबीरनगर नंबर की कार में आठ लोग यात्रा कर रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान दिव्या (13 वर्ष), अमृता (5 वर्ष), अंजू (40 वर्ष), धुनमुन (60 वर्ष) और चालक विनोद (45 वर्ष) के रूप में हुई है। कार में मौजूद तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रही बस पहले कार से टकराई और फिर नियंत्रण खो बैठी। इसके बाद बस डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे खाई में जा पलटी। बस में करीब 85 यात्री सवार थे। हादसे के चलते बस में मौजूद 17 से अधिक यात्रियों को भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और घायलों के उपचार की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.