जौनपुर गोमती नदी हादसा: स्नान के दौरान दो दोस्तों की डूबकर मौत

जौनपुर शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित सद्भावना पुल के पास गोमती नदी के विसर्जन घाट पर शुक्रवार शाम स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने उतरे छह दोस्त अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इस घटना से घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से चार युवकों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो युवक—दिलीप पटेल (24) और नितिन विश्वकर्मा (25)—पानी में लापता हो गए।
जानकारी के मुताबिक, जफराबाद थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी प्रहलाद पटेल, दिलीप पटेल, वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र के अमीनी गांव निवासी नितिन विश्वकर्मा, सचिन कुमार पटेल, राजातालाब निवासी अजय पटेल और कृष्णा पटेल जौनपुर घूमने आए थे। सभी दोस्त थे और नहाने के लिए गोमती नदी पहुंचे थे।
शाम करीब 5 बजे सभी युवक नदी में उतरे, लेकिन कुछ ही देर में वे गहरे पानी की ओर चले गए। जब वे डूबने लगे तो आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बचाव कार्य शुरू किया और चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता पुलिस टीम और गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू किया गया। रात करीब 8 बजे दोनों लापता युवकों के शव नदी से बरामद किए गए।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक दिलीप पटेल अपने परिवार में कई भाई-बहनों में एक था और मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन करता था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.