चढ़ावा विवाद पर ट्रस्ट की सफाई, बोला- सभी दान वस्तुएं सुरक्षित

HIGHLIGHTS
- राम मंदिर ट्रस्ट ने दावा किया है कि दान में मिली सभी 2800 बहुमूल्य वस्तुओं का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा गया है।
- ट्रस्ट ने कहा कि चर्चित दान सामग्री जैसे स्वर्णांकित रामचरितमानस और अन्य वस्तुएं सुरक्षित हैं और उन्हें मीडिया के सामने दिखाया गया।
- पारदर्शिता बढ़ाने के लिए विशेष समिति गठित की गई है और अगली ट्रस्ट बैठक 22 जुलाई को प्रस्तावित है।
अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे और दान की गई कीमती वस्तुओं के कथित गायब होने के आरोपों के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपना पक्ष सार्वजनिक किया है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज ने कहा कि मंदिर को प्राप्त सभी महत्वपूर्ण दान सामग्री का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा गया है और किसी भी वस्तु के लापता होने का सवाल नहीं उठता।
ट्रस्ट की बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि मंदिर को प्राप्त करीब 2800 दान वस्तुओं का विस्तृत रजिस्टर ट्रस्ट के पास मौजूद है। उन्होंने कहा कि जिन वस्तुओं को लेकर हाल के दिनों में सवाल उठाए गए, उनमें स्वर्णांकित रामचरितमानस, काकभुशुंडी, भगवान का कंठा और चरण पादुकाएं जैसी सामग्री शामिल हैं, जिन्हें मीडिया के सामने भी प्रदर्शित किया गया।
स्वामी गोविंद देव गिरि ने कहा कि यदि कोई दानदाता अपनी ओर से दी गई वस्तु की स्थिति जानना चाहता है, तो वह आवश्यक प्रमाण प्रस्तुत कर ट्रस्ट से संपर्क कर सकता है। संबंधित वस्तु का सत्यापन कर उसे दिखाने की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि ट्रस्ट पारदर्शिता को और मजबूत बनाने की दिशा में भी काम कर रहा है। इसके लिए एक विशेष समिति गठित की गई है, जो दान सामग्री के रखरखाव और निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव देगी।
कोषाध्यक्ष ने कहा कि भविष्य में व्यवस्थाओं को इस तरह विकसित किया जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की शंका या विवाद की गुंजाइश न रहे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ट्रस्ट की अगली बैठक 22 जुलाई को प्रस्तावित है और तब तक विशेष जांच दल (SIT) की अंतिम रिपोर्ट मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.