झारखंड: हजारीबाग में अपराधियों ने हाईवा को फूंका

हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। बीती रात हथियारबंद अपराधियों ने छरी (स्टोन चिप्स) लदे एक हाईवा वाहन को रोककर उसमें आग लगा दी। घटना में वाहन का इंजन और चेसिस पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि समय रहते आग बुझाने से डाला बचा लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, हाईवा इचाक से छरी लोड करके हरली गांव की ओर जा रहा था। मूडकट्टी चौक के पास पहुंचते ही अपराधियों ने वाहन को रोक लिया। उन्होंने चालक को जबरन वाहन से उतारा और फिर इंजन और चेसिस में आग लगा दी। देखते ही देखते हाईवा धू-धू कर जलने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना के एसआई राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अग्निशमन दल को भी सूचना दी गई। दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक इंजन और चेसिस पूरी तरह जल चुके थे। अगर आग बुझाने में थोड़ी देर और होती तो पूरा वाहन राख हो जाता।
हाल ही में बड़कागांव थाना में प्रशासनिक बदलाव हुआ है। नए थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने शाम करीब सात बजे थाने का जिम्मा संभाला है। वहीं पूर्व थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता को क्षेत्र में बढ़ती अपराध की घटनाओं और मामलों के समाधान में ढिलाई के कारण लाइन हाजिर किए जाने की चर्चा है।
नए थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने कहा कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में छापेमारी शुरू कर चुकी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.