झारखंड: सुरक्षाबलों और माओवादियों में भीषण गोलीबारी, कई जवान घायल

झारखंड: मनोहरपुर में स्थित घने सारंडा जंगल में बुधवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में कई जवान घायल हो गए। इस मुठभेड़ में कोबरा बटालियन 205 के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश समेत कुल पांच जवान घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ छोटानागरा और जराईकेला थाना क्षेत्र की सीमा से लगे बालिबा गांव से करीब दो किलोमीटर दूर पहाड़ी और घने जंगल वाले इलाके—बाबुडेरा, दलाइडेरा और चडराडेरा—में हुई। दोनों ओर से करीब तीन घंटे तक रुक-रुक कर भारी गोलीबारी चलती रही।
सुरक्षाबल माओवादी विरोधी अभियान के तहत इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, तभी सुबह लगभग 10 बजे माओवादियों से उनका सामना हो गया। इसके बाद दोपहर तक लगातार फायरिंग जारी रही और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही।
मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश आईईडी विस्फोट की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें कमर में गंभीर चोट आई है। वहीं जवान शैलेश कुमार दुबे को गर्दन, उत्तम कुमार सेनापति को हाथ और जितेंद्र राय को पैर में गोली लगी है। एक अन्य जवान प्रेम कुमार भी घायल हुए हैं।
घटना के बाद सुरक्षाबलों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गंभीर रूप से घायल इंस्पेक्टर सहित चार जवानों को बालिबा गांव से एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। एक जवान का स्थानीय स्तर पर उपचार किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान माओवादियों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, क्योंकि अभी तक कोई बरामदगी नहीं हुई है।
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सारंडा क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों को खत्म करने के लिए व्यापक अभियान लगातार जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा और सख्त कर दी गई है तथा सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.