सीएम नीतीश कुमार के घर आज नेताओं का तांता; चिराग पासवान पहुंचे

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की प्रचंड जीत के साथ नीतीश कुमार का दसवीं बार मुख्यमंत्री बनना लगभग निश्चित हो गया है। शुक्रवार को चुनाव रुझान आने के बाद एनडीए में उत्साह की लहर दौड़ गई। शाम तक मुख्यमंत्री आवास में खुशी का माहौल रहा, जहां जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और भाजपा के कई नेता सीएम से मिलने पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नीतीश कुमार को बधाई दी। इसके अलावा एनडीए के अन्य घटक दलों ने भी नई पारी की शुभकामनाएं दीं। शनिवार सुबह से मुख्यमंत्री आवास में चहल-पहल बढ़ गई है और लोक जनशक्ति पार्टी के चिराग पासवान भी नीतीश कुमार को बधाई देने पहुंचे।
एनडीए का आंकड़ा 202, बहुमत से काफी ऊपर
इस चुनाव में एनडीए ने कुल 202 सीटें जीतकर भारी बहुमत हासिल किया। इसमें भाजपा ने 89, जदयू ने 85, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) ने 19, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने 4 सीटें जीतीं।
वहीं, विपक्षी महागठबंधन के पास मात्र 35 सीटें आईं। इसमें राजद ने 25, कांग्रेस ने 6, भाकपा माले ने 2 और इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी व भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने 1-1 सीट हासिल की। इसके अलावा ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने 5 और बहुजन समाज पार्टी ने 1 सीट जीती।
नई सरकार की तैयारी तेज
एनडीए की प्रचंड जीत के बाद शपथ ग्रहण की तैयारियां तेज हो गई हैं। भाजपा के बिहार प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा और अन्य नेताओं के साथ मीटिंग होने की संभावना है। इस बैठक में संजय झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय भी मौजूद रहेंगे।
सूत्रों के अनुसार, आज ही शपथ ग्रहण की तारीख तय होने की संभावना है और नई सरकार के मंत्रियों के कोटे का भी निर्धारण किया जाएगा। सभी दलों के विधायकों के अनुसार प्रतिनिधित्व तय करने पर सहमति पहले ही बन चुकी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.