अफवाहों के चलते मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल पंपों पर लगी लंबी कतारें और भीड़

मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बाद वैश्विक स्तर पर तेल और गैस की कीमतों में उछाल देखने को मिला है। हालांकि, भारत में स्थिति नियंत्रण में है और सरकार का कहना है कि देश में तेल और गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है। इसके बावजूद अफवाहों के चलते मध्य प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल और डीजल के लिए लंबी कतारें लग गईं।
शाजापुर में अफवाह का असर
शाजापुर में मंगलवार रात अचानक पेट्रोल-डीजल आपूर्ति को लेकर अफरा-तफरी मच गई। शहर के पांच पेट्रोल पंपों में से तीन (राधा पंप, बस स्टैंड पंप और बेरछा रोड स्थित एचपी पंप) ने अग्रिम भुगतान न करने के कारण आपूर्ति रोक दी।
सूचना फैलते ही बाकी दो पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, और कई लोग घंटों लाइन में खड़े रहे।
सहायक आपूर्ति अधिकारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि कंपनी अब केवल कैश-क्रेडिट पर ईंधन दे रही है, जबकि जिले के अन्य पंपों में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। कलेक्टर ऋजु बाफना ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है।
इंदौर में सोशल मीडिया अफवाह
इंदौर में सोशल मीडिया पर अचानक पेट्रोल खत्म होने से संबंधित संदेश फैलने लगे। वाहन चालक जानकारी पाते ही शहर के पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए। कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि इंदौर में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देवास में अफवाह से हड़कंप
देवास जिले के पीपलरावां थाना क्षेत्र के चौबाराधीरा गांव में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाह फैलने से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण केन और कुप्पियां लेकर पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए। भीड़ के बीच धक्का-मुक्की और विवाद शुरू हो गया, यहां तक कि कुछ लोगों के बीच लात-घूंसे तक चल गए।
देवास शहर में भी दिनभर पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ रही। लोग सामान्य रूप से 50-200 रुपये का पेट्रोल लेते हैं, लेकिन अफवाहों के चलते कई लोग 500-1000 रुपये तक का ईंधन लेने के लिए घंटों कतार में खड़े रहे।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश
प्रशासन ने कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और स्टॉक पर्याप्त है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने जनता से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें, संयम बनाए रखें और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें।
एसपी पुनीत गेहलोद ने रात में पेट्रोल पंपों का दौरा किया और लोगों से कहा कि वे पैनिक न हों। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्टॉक पर्याप्त है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.